प्रभारी मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ने की विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा, जानिए किन किन योजनाओं का किया समीक्षा ?
- By UP Samachaar Plus --
- Monday 13 Jan, 2025
- 178
मुख्य संपादक - ओंकार नाथ वर्मा
UP Samachar Plus
महराजगंज, 13 जनवरी। जनपद के प्रभारी मंत्री और आयुष, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्रा 'दयालु जी' ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक की। उन्होंने पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन पर संतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने और जनप्रतिनिधियों की शिकायतों और सुझावों पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना की समीक्षा के दौरान बताया गया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत 63,124 आवास और मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत 2,707 आवासों का निर्माण हो चुका है। 67 मुसहर परिवारों को भी योजना में शामिल कर उनके लिए आवास निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। प्रभारी मंत्री ने लाभार्थियों का चयन पारदर्शिता के साथ सुनिश्चित करने और किसी भी पात्र व्यक्ति को वंचित न रखने का निर्देश दिया।
स्वच्छ भारत मिशन फेज 2 के तहत सामुदायिक शौचालयों की नियमित संचालन व्यवस्था सुनिश्चित करने और प्रकाश व पानी की उपलब्धता पर ध्यान देने के निर्देश दिए गए। प्रभारी मंत्री ने जिला कृषि अधिकारी को किसान पंजीकरण कार्य में तेजी लाने और श्रीअन्न की खेती को बढ़ावा देने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार का आदेश दिया।
प्रभारी मंत्री ने स्वास्थ्य परिसरों में औषधीय पौधों के रोपण और आयुष चिकित्सालयों के निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने अवशेष तीन आयुष चिकित्सालयों के लिए भूमि उपलब्ध कराने हेतु जिलाधिकारी को निर्देशित किया। साथ ही, स्वास्थ्य केंद्रों में स्वच्छता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
प्रभारी मंत्री ने डीएफओ को पेड़ काटने के आदतन अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और आम नागरिकों के प्रति संवेदनशीलता बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने पर्यटन, कृषि और एमएसएमई जैसे क्षेत्रों में रोजगार की संभावनाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा।
प्रभारी मंत्री ने कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान साइबर अपराधों पर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने बैंकों के साथ समन्वय बनाकर वित्तीय लेन-देन में सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया। महिला अपराधों के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने और सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम चलाने का भी निर्देश दिया। सड़क सुरक्षा पर बोलते हुए उन्होंने यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने का आदेश दिया।
प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों से अपने विभागों में नवाचारों को प्रोत्साहित करने और परिश्रमी उद्यमियों को बढ़ावा देने की अपील की।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल, विधायक वीरेन्द्र चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पांडेय, पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा, डीएफओ निरंजन सुर्वे और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

